पशु कल्याण कार्यकर्ता की शिकायत पर MCD का एक्शन, जूनियर इंजीनियर निलंबित, जांच शुरू
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक पशु कल्याण कार्यकर्ता से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए अपने एक जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मामला पशु…
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक पशु कल्याण कार्यकर्ता से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए अपने एक जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मामला पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा की एक शिकायत से जुड़ा है, जिस पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है।
एमसीडी के बाहरी उत्तरी क्षेत्र (नरेला) में तैनात जूनियर इंजीनियर (भवन) विकास कुमार गुप्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उपायुक्त (बाहरी उत्तरी क्षेत्र) के कार्यालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान गुप्ता बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
सीएम ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इस कार्रवाई की जानकारी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा, "पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा से जुड़े मामले में शामिल जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहती हूं। सार्वजनिक पद पर रहने वालों की यह जिम्मेदारी है कि वे नागरिकों की सेवा संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ करें।" मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि उनकी सरकार हर शिकायत की निष्पक्ष जांच और उचित प्रक्रिया का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई कदाचार साबित होता है तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
MCD ने जारी किया आधिकारिक आदेश
निगम द्वारा जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बीएमआईडी 40033050 वाले जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता को निलंबन में रखा गया है, क्योंकि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही विचाराधीन है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता, बाहरी उत्तरी क्षेत्र का कार्यालय होगा। इस आदेश की प्रति एमसीडी आयुक्त और सतर्कता निदेशक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।
इनपुट: IANS



