विकासपुरी: खुले ट्रांसफॉर्मर में करंट लगने से 10 साल के बच्चे की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक 10 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा आंख-मिचौली खेलते हुए एक खुले ट्रांसफॉर्मर के बॉक्स में घुस गया और उसकी चपेट में आ गया। इस घटना के बाद…
पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक 10 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा आंख-मिचौली खेलते हुए एक खुले ट्रांसफॉर्मर के बॉक्स में घुस गया और उसकी चपेट में आ गया। इस घटना के बाद परिवार ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि बच्चे की माँ ने मौके पर मौजूद लोगों की असंवेदनशीलता पर भी सवाल उठाए हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे हुआ। बच्चा दुकान से बिस्कुट लेकर खेलने निकला था। परिजनों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी, उसे सिर्फ एक पर्दे से ढका गया था। इसी वजह से खेलते-खेलते बच्चा उसके अंदर चला गया और यह दुखद घटना घट गई।
घटना के चश्मदीद और परिवार के आरोप
एक पड़ोसी महिला राजकुमारी ने IANS को बताया कि बच्चे आंख-मिचौली खेल रहे थे, तभी एक बच्चा छिपने के लिए ट्रांसफॉर्मर के बॉक्स में घुस गया। उन्होंने बताया कि बॉक्स पर ताला नहीं लगा था और उसे केवल एक चादर से ढका गया था। जब वह मौके पर पहुँचीं तो बच्चे का शरीर अंदर था और सिर्फ़ पैर बाहर दिख रहे थे।
वहीं, बच्चे की माँ ने आरोप लगाया कि जब उनका बेटा करंट की चपेट में था, तो आसपास मौजूद लोग वीडियो बना रहे थे लेकिन किसी ने मदद नहीं की। उन्होंने कहा, “जितनी देर में लोग वीडियो बना रहे थे, उतनी देर में वे बिजली विभाग को फोन करके लाइट कटवा सकते थे और मेरे बेटे को बचा सकते थे।” उन्होंने वहां मौजूद गार्ड पर भी कोई प्रयास न करने का आरोप लगाया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुँची। बच्चे को ट्रांसफॉर्मर से निकालकर दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें बच्चे को देखने तक नहीं दिया गया और बताया गया कि शव पोस्टमार्टम के बाद ही सौंपा जाएगा। स्थानीय लोगों और परिवार ने मांग की है कि ऐसे खुले ट्रांसफॉर्मर को या तो पूरी तरह से ढका जाना चाहिए या उन पर ताला लगाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो।
इनपुट: IANS



