गाजा पट्टी में इजरायली हवाई हमला: IDF का दावा- इस्लामिक जिहाद के 3 आतंकी ढेर
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शनिवार सुबह उत्तरी गाजा पट्टी में एक हवाई हमले में तीन लोगों को निशाना बनाने का दावा किया है। सेना के मुताबिक, ये तीनों फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद (PIJ) के सैन्य विंग के…
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शनिवार सुबह उत्तरी गाजा पट्टी में एक हवाई हमले में तीन लोगों को निशाना बनाने का दावा किया है। सेना के मुताबिक, ये तीनों फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद (PIJ) के सैन्य विंग के सदस्य थे और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, IDF ने उन आरोपों को खारिज कर दिया है जिनमें इन लोगों को अंतरराष्ट्रीय सहायता कर्मी बताया गया था।
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ये तीनों व्यक्ति एक ऐसे वाहन में यात्रा कर रहे थे, जिसका इस्तेमाल आतंकवादी संगठनों के लिए भोजन और अन्य रसद आपूर्ति के लिए किया जा रहा था। IDF का कहना है कि इन लोगों से उत्पन्न खतरे को खत्म करने के लिए यह हवाई हमला किया गया।
आतंकियों के तार और सहायता संगठन का दावा
एक सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि शुरुआती जांच में पता चला कि मारे गए लोगों में से एक पहले एक अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता संगठन के लिए काम करता था। IDF के अनुसार, जब संगठन को यह जानकारी दी गई कि वह व्यक्ति एक आतंकवादी है, तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। हालांकि, बाकी दो आतंकवादियों के किसी भी अंतरराष्ट्रीय संगठन से जुड़े होने की कोई जानकारी नहीं है।
इजरायली सेना ने इस घटना को आतंकवादी संगठनों द्वारा मानवीय सहायता गतिविधियों के दुरुपयोग का एक और उदाहरण बताया है। IDF का आरोप है कि ये संगठन अपने सदस्यों को कार्रवाई के बाद सहायता कर्मियों के रूप में पेश करने की कोशिश करते हैं।
युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप
IDF के मुताबिक, ये लोग हाल के समय में इजरायली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे। इसके अलावा, वे गाजा में आतंकवादी संगठनों की क्षमताओं को फिर से मजबूत करने का काम कर रहे थे, जिसे इजरायली सेना ने युद्धविराम का लगातार उल्लंघन माना है। सेना ने कहा है कि इस कार्रवाई के नतीजों पर बाद में और जानकारी जारी की जाएगी।
इनपुट: IANS



