दिल्ली: DTC के बेड़े में जुड़ेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, जानें शहर के परिवहन पर क्या होगा असर
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को और मज़बूत करने की दिशा में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) जल्द ही 100 नई शून्य-उत्सर्जन वाली इलेक्ट्रिक बसें अपने बेड़े में शामिल करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को और मज़बूत करने की दिशा में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) जल्द ही 100 नई शून्य-उत्सर्जन वाली इलेक्ट्रिक बसें अपने बेड़े में शामिल करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य राजधानी में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराना है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन 100 बसों में 50 बसें नौ मीटर लंबी और 50 बारह मीटर लंबी होंगी। इनके शामिल होने के बाद दिल्ली में बसों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 7,088 हो जाएगी। इससे देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाले शहर के रूप में दिल्ली की स्थिति और भी पुख्ता हो जाएगी।
कैसा होगा बसों का नया स्वरूप?
ये सभी बसें लो-फ्लोर, वातानुकूलित (AC) और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके अलावा, दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष इंतज़ाम होंगे। परिवहन मंत्री ने कहा, "हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के निवासियों को भरोसेमंद, आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन मिले, और साथ ही वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में भी काफी कमी आए।"
भविष्य की योजनाएं और अंतर-राज्यीय सेवा
दिल्ली सरकार ने भविष्य के लिए भी एक बड़ी योजना तैयार की है। अनुमान है कि वित्तीय वर्ष 2028-29 तक दिल्ली की सड़कों पर कुल बसों की संख्या लगभग 14,000 तक पहुंच जाएगी। मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार स्वच्छ ऊर्जा और यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बसों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, "100 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करना, टिकाऊ मोबिलिटी समाधानों के जरिए शहर की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बदलने के लिए दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
इसके साथ ही, दिल्ली सरकार अंतर-राज्यीय कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाने जा रही है। आनंद विहार आईएसबीटी और उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच एक नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी। इस रूट पर डीटीसी की 12 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, जो दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के बीच यात्रियों को एक सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रदान करेंगी। ये बसें सुबह-शाम दोनों तरफ से 20-20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी।
इनपुट: IANS



