दिल्ली: सदर बाजार में नाबालिग को दुकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म, 56 वर्षीय दुकानदार गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस मामले…
राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर 56 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 16 सितंबर की रात की है। पीड़िता रात करीब 11 बजे अपने घर से स्टेशनरी का कुछ सामान खरीदने के लिए निकली थी। आरोप है कि तभी पड़ोस के एक दुकानदार ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के अंदर बुला लिया। दुकान में ले जाकर उसने लड़की के हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर की रात को ही एक पीसीआर कॉल के जरिए इस घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाने की टीम और महिला पुलिस स्टेशन के एसीपी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तरी जिले के महिला पुलिस स्टेशन में तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने उसी दिन आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया।
हाल की एक और दर्दनाक घटना
यह घटना दिल्ली में हाल ही में सामने आई एक और क्रूर वारदात के कुछ ही दिनों बाद हुई है। इससे पहले, 13 सितंबर को उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 17 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसका शव बुरी तरह सड़ी-गली हालत में एक खेत के पास से बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा था, जिनमें तीन नाबालिग थे।
इनपुट: IANS



