दिल्ली: दिवाली से पहले पटाखों पर पुलिस की सख्ती, भारी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त, सप्लायर गिरफ्तार
दिल्ली में दिवाली के त्योहार से पहले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने एक…
दिल्ली में दिवाली के त्योहार से पहले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी सिलसिले में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने एक सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके पास से लगभग 58 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान अशोक नगर निवासी 35 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। जिले में अवैध पटाखों की सप्लाई रोकने के लिए चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत उसे 21 अक्टूबर को पकड़ा गया। AATS प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व वाली टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने अशोक नगर इलाके में जाल बिछाया। विशाल को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह कई बोरों में भरकर प्रतिबंधित पटाखे ले जा रहा था, जिनका कुल वजन 57.8 किलोग्राम था।
इस मामले में ज्योति नगर पुलिस स्टेशन में 21 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विशाल पहले भी तीन आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।
मंडोली में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
यह इस महीने में पटाखे बरामदगी की अकेली घटना नहीं है। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी एक बड़ी कार्रवाई हुई थी। दिल्ली पुलिस के एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड और हर्ष विहार पुलिस स्टेशन की एक संयुक्त टीम ने मंडोली गांव में पटाखों के एक अवैध भंडारण केंद्र का भंडाफोड़ किया था।
पुलिस को गश्त के दौरान मंडोली में पटाखे जमा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने गली नंबर 12 स्थित एक घर की पहली मंजिल पर छापा मारा। वहां से 567.30 किलोग्राम पटाखे और उन्हें बनाने की सामग्री जब्त की गई, जो कार्टन और बोरियों में रखी थी। इस मामले में भी एक व्यक्ति को पकड़ा गया और हर्ष विहार पुलिस स्टेशन में विस्फोटक अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई थी।
इनपुट: IANS



