दिल्ली: कालकाजी में प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या, एक ही परिवार पर पीट-पीटकर मारने का आरोप
दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक 48 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर मंजीत सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनके छोटे भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती…
दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक 48 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर मंजीत सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनके छोटे भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने एक ही परिवार के कई सदस्यों पर इस जघन्य अपराध को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
मृतक मंजीत की बहन ने इस घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके भाई को जान से मारने की नीयत से पीटा। उन्होंने आरोप लगाया, "मेरे भाई को बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों ने उसे वहीं मौके पर ही मार डाला।"
हमले का खौफनाक मंजर
परिजनों के मुताबिक, इस हमले के पीछे रज्जी चौधरी नाम की महिला और उसका परिवार है। मृतक की बहन ने कहा, "रज्जी चौधरी अपने पति, बेटों और बेटी के साथ मौजूद थी। वे सभी इसमें शामिल थे और सबने मिलकर उसे मारा। उन्होंने मंजीत के सिर पर वार किया। मेरे भाई के सिर पर किसी चीज से चोट पहुंचाई।"
उन्होंने आगे बताया, "सिर पर चोट लगने से वह गिर पड़ा। गिरने के बाद वे सभी लोग उस पर टूट पड़े और लगातार लात-घूंसे बरसाते रहे। उन्होंने उसे तब तक नहीं छोड़ा जब तक उन्हें यकीन नहीं हो गया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।"
बचाने आए भाई पर भी हमला
जब मंजीत सिंह के परिवार को इस घटना की सूचना मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उनकी बहन के अनुसार, "जब हमें फोन आया तो हम लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां रज्जी चौधरी लगातार भाई को पीट रही थी। मेरे दूसरे भाई ने उसको पकड़ा तो परिवार के लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की है। मेरे छोटे भाई का पैर तोड़ दिया गया है। उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं।"
परिजनों ने बताया कि रज्जी चौधरी और उसके पति के अलावा चार अन्य लड़कों ने मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



