दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर समेत 36 टीचिंग पदों पर भर्तियां, जानें पूरी आवेदन प्रक्रिया
दिल्ली के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (IGDTUW) में शिक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने का एक शानदार अवसर है। विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के…
दिल्ली के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (IGDTUW) में शिक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने का एक शानदार अवसर है। विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 36 नियमित पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 21 अगस्त तक अप्लाई कर सकते हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद, उसकी हार्ड कॉपी को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक द्वारा विश्वविद्यालय भेजना अनिवार्य है। हार्ड कॉपी पहुंचने की अंतिम तिथि 28 अगस्त, शाम 4:30 बजे निर्धारित की गई है।
पदों का विवरण और विभाग
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 36 रिक्तियों में 10 पद प्रोफेसर के, 14 एसोसिएट प्रोफेसर के और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए हैं। ये पद विभिन्न विभागों में भरे जाएंगे, जिनमें प्रमुख हैं:
- आर्किटेक्चर और प्लानिंग
- एप्लाइड साइंसेज और ह्यूमैनिटीज (अंग्रेजी, गणित, केमिस्ट्री)
- कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग
- इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
- इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी
- मैकेनिकल ऑटोमेशन इंजीनियरिंग
योग्यता और अनुभव
प्रोफेसर: संबंधित विषय में पीएचडी, बैचलर या मास्टर स्तर पर फर्स्ट क्लास, और कम से कम 10 साल का शिक्षण/अनुसंधान अनुभव, जिसमें 3 साल एसोसिएट प्रोफेसर के समकक्ष हो। इसके अलावा, निर्धारित संख्या में रिसर्च प्रकाशन और पीएचडी गाइडेंस का अनुभव भी आवश्यक है।
एसोसिएट प्रोफेसर: संबंधित क्षेत्र में पीएचडी डिग्री, बैचलर या मास्टर स्तर पर फर्स्ट क्लास, और न्यूनतम 8 साल का शिक्षण/अनुसंधान अनुभव (जिसमें 2 साल पीएचडी के बाद का हो) के साथ-साथ निर्धारित संख्या में रिसर्च प्रकाशन।
असिस्टेंट प्रोफेसर: संबंधित ब्रांच में बीई/बीटेक/बीएस और एमई/एमटेक/एमएस या इंटीग्रेटेड एमटेक में फर्स्ट क्लास या समकक्ष योग्यता।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इन पदों के लिए आयु सीमा 35 से 55 वर्ष के बीच रखी गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये है, जबकि ओबीसी (NCL), ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए यह 800 रुपये है। एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, अकादमिक और रिसर्च रिकॉर्ड, और आवश्यकतानुसार लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर वेतन पद के अनुसार 57,700 रुपये से लेकर 2,18,200 रुपये प्रति माह तक होगा, साथ ही अन्य भत्ते भी मिलेंगे।
इनपुट: IANS



