दिल्ली: डॉ हेडगेवार अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट की सीधी भर्ती, 3 अगस्त को वॉक-इन-इंटरव्यू
अगर आप दिल्ली के सरकारी अस्पताल में नौकरी करना चाहते हैं, तो डॉ हेडगेवार आरोग्य संस्थान (DHAS) एक अच्छा अवसर लेकर आया है। संस्थान ने एड-हॉक आधार पर सीनियर रेजिडेंट के 16 खाली पदों को भरने की घोषणा की…
अगर आप दिल्ली के सरकारी अस्पताल में नौकरी करना चाहते हैं, तो डॉ हेडगेवार आरोग्य संस्थान (DHAS) एक अच्छा अवसर लेकर आया है। संस्थान ने एड-हॉक आधार पर सीनियर रेजिडेंट के 16 खाली पदों को भरने की घोषणा की है, जिसके लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।
समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया 3 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों को इंटरव्यू के दिन ही सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे के बीच अस्पताल की एस्टेब्लिशमेंट ब्रांच में अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद दस्तावेज़ों की जाँच होगी और फिर साक्षात्कार लिया जाएगा।
किस विभाग में कितनी रिक्तियाँ हैं?
संस्थान ने कुल 16 पदों के लिए भर्तियाँ निकाली हैं, जो विभिन्न विशेषज्ञताओं में विभाजित हैं। इनमें एनेस्थीसिया के लिए सबसे ज़्यादा 5 पद, रेडियोलॉजी के लिए 4 पद, नेत्र विज्ञान और बाल चिकित्सा के लिए 2-2 पद, और प्रसूति एवं स्त्री रोग, मेडिसिन व त्वचा विज्ञान के लिए 1-1 पद शामिल है।
योग्यता और आयु सीमा
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस के साथ संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, डिप्लोमा या डीएनबी होना अनिवार्य है। इसके अलावा, दिल्ली मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण और किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में 3 साल की सीनियर रेजीडेंसी पूरी कर चुके उम्मीदवार ही पात्र होंगे। आवेदकों की अधिकतम आयु इंटरव्यू की तारीख तक 45 वर्ष निर्धारित की गई है, हालांकि आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
वेतन और नियुक्ति की अवधि
चयनित उम्मीदवारों को सातवें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के लेवल 11 के पे-मैट्रिक्स के अनुसार वेतन मिलेगा, जो 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये प्रति माह तक होगा। इसके साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। यह नियुक्ति शुरुआत में 44 दिनों के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम तीन साल की अवधि तक बढ़ाया जा सकता है।
इनपुट: IANS



