मुंबई: दाऊद इब्राहिम से जुड़े जर्जर 'मुसाफिरखाना' को गिराएगी BMC, स्थानीय लोगों ने नोटिस पर उठाए सवाल
मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में स्थित एक जर्जर इमारत को गिराने की तैयारी चल रही है, जिसका संबंध कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से था। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना…
मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में स्थित एक जर्जर इमारत को गिराने की तैयारी चल रही है, जिसका संबंध कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से था। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना नामक इस इमारत को बेहद खतरनाक बताते हुए 18 और 19 नवंबर को इसे ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस इमारत में दाऊद का पुश्तैनी घर और दफ्तर हुआ करता था।
बीएमसी के 'सी' वॉर्ड कार्यालय ने 16 नवंबर 2026 को इमारत पर नोटिस चिपकाकर इसे खाली करने का आदेश दिया है। पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित इस ढांचे को बीएमसी ने 'सी-1' श्रेणी की खतरनाक इमारत घोषित किया है। अधिकारियों का कहना है कि इमारत की खस्ता हालत से वहां आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों की जान को खतरा है।
नोटिस के समय पर विवाद
हालांकि, बीएमसी की इस कार्रवाई पर स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत को गिराने पर रोक लगा रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमसी ने सिर्फ 24 घंटे का नोटिस दिया, जबकि ऐसे मामलों में 15 दिन का समय मिलना चाहिए। उनका कहना है कि इतने कम समय में वे अदालत का दरवाजा भी नहीं खटखटा सकते।
इस मामले में कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने IANS से कहा, "कानून-व्यवस्था के लिए मुंबई नगर निगम जिम्मेदार होगा।" वहीं, मस्जिद के इमाम ने बातचीत से समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा, "हम बस इतना चाहते हैं कि उस तरफ से चार लोग और इस तरफ से चार लोग एक साथ बैठें और बातचीत करके कोई समाधान निकालें।"
प्रशासन की दलील और वैकल्पिक व्यवस्था
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को ही इस संबंध में आदेश पारित कर दिया था, जिसके बाद इमारत खाली कराने और गिराने की प्रक्रिया शुरू हुई। हालिया निरीक्षण में पाया गया कि इमारत लगभग खाली है, सिर्फ ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल हो रहा है। इसके अलावा, यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट पर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के काम में भी बाधा बन रही है।
नोटिस के मुताबिक, सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) ने प्रार्थना हॉल इस्तेमाल करने वालों को दो विकल्प दिए हैं। पहला, सेक्टर-4 के अन नसर टावर में अस्थायी प्रार्थना स्थल का इस्तेमाल या दूसरा, किसी अन्य उपयुक्त जगह किराए पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा। बीएमसी ने लोगों से कुरान शरीफ व अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक हटाने और इमारत को पूरी तरह खाली करने को कहा है।
इनपुट: IANS



