पुणे: टिंबर मार्केट में देर रात भीषण आग, 50 से ज़्यादा दुकानें जलकर खाक
महाराष्ट्र के पुणे शहर का प्रसिद्ध टिंबर मार्केट मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग की चपेट में आ गया। इस हादसे में लकड़ी का सामान रखने वाली 50 से 60 दुकानें जलकर खाक हो गईं। समाचार एजेंसी IANS…
महाराष्ट्र के पुणे शहर का प्रसिद्ध टिंबर मार्केट मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग की चपेट में आ गया। इस हादसे में लकड़ी का सामान रखने वाली 50 से 60 दुकानें जलकर खाक हो गईं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आग लगने की यह घटना रात करीब 2:05 बजे जय वल्लभ स्कूल के पास हुई। लकड़ी का बाज़ार होने के कारण आग ने तेज़ी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुणे अग्निशमन दल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए कुल 27 दमकल वाहनों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। इनमें पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड का एक और पीएमआरडीए (पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के दो वाहन भी शामिल थे।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
अग्निशमन विभाग के जवानों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। अधिकारियों ने बताया कि आग को पास की रिहायशी बस्तियों और घरों तक फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरती गई। फिलहाल, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मौके पर कूलिंग का काम जारी है।
राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे
आग बुझाने के अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी गणेश सोनुने, उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय भिलारे समेत करीब 10 वरिष्ठ अधिकारी और लगभग 150 जवान घटनास्थल पर तैनात रहे। पुणे महानगरपालिका के सहायक आयुक्त गुरम और उनकी टीम भी मौके पर पहुँची।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले महाराष्ट्र के बीड शहर में भी आबकारी विभाग के कार्यालय की पार्किंग में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें कई वाहन जल गए थे।
इनपुट: IANS



