बुधवार, 18 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

गढ़चिरौली: जंगल में जमीन के नीचे दबा मिला माओवादियों का हथियार डिपो, सुरक्षा बलों पर हमले की थी साजिश

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए जमीन में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 17 नवंबर को…

गढ़चिरौली: जंगल में जमीन के नीचे दबा मिला माओवादियों का हथियार डिपो, सुरक्षा बलों पर हमले की थी साजिश
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए जमीन में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 17 नवंबर को एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सुरक्षा बलों को शक है कि इस सामग्री का इस्तेमाल नक्सल सप्ताह या चुनाव के दौरान घात लगाकर हमला करने के लिए किया जाना था।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि पोस्टे गर्देवाडा के हिक्केर जंगल इलाके में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री छिपा रखी है। इसी इनपुट पर कार्रवाई करते हुए गढ़चिरौली पुलिस ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया।

जंगल में बड़ी तलाशी, मिला हथियारों का भंडार

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में विशेष अभियान पथक, प्राणहिता की 5 टुकड़ियां और बम निरोधक दस्ते (BDDS) की 2 टीमें शामिल थीं। जवानों ने घने जंगल में गहन तलाशी के बाद जमीन के नीचे दबाए गए इस पूरे जखीरे को सफलतापूर्वक खोज निकाला।

पुलिस के अनुसार, माओवादी अक्सर दुर्गम और अंतरराज्यीय सीमावर्ती जंगलों का फायदा उठाकर हथियार जमा करते हैं और उन्हें भविष्य में इस्तेमाल के लिए छिपा देते हैं। बरामदगी में मिले सामानों की सूची इस प्रकार है:

  • हथियार: 1 बारह बोर की राइफल और 1 एयर गन राइफल।
  • गोला-बारूद: कुल 31 कारतूस (.303 के 13 और 8 एमएम के 18), 3 ग्रेनेड, 18 बीजीएल सेल और 2 बीजीएल लॉन्चर।
  • विस्फोटक सामग्री: 10 डेटोनेटर, 21 सुराका सेल और 22 वायर बंडल।
  • अन्य सामान: होंडा कंपनी का 1 इलेक्ट्रिक जनरेटर और बड़ी मात्रा में माओवादी साहित्य।

पुरानी साजिशें, नया खतरा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गढ़चिरौली में भले ही माओवाद लगभग खत्म हो गया हो, लेकिन बीते समय में छिपाए गए ऐसे हथियार और विस्फोटक अब भी एक बड़ा खतरा बने हुए हैं। पुलिस का अभियान भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और माओवादियों के बचे-खुचे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने पर केंद्रित है। एसपी एम. रमेश ने इस सफल ऑपरेशन के लिए सभी जवानों की सराहना की है। यह कार्रवाई कार्तिक मधीरा, गोकुल राज जी., हर्षवर्धन बि. जे. और सुनील उईके जैसे वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में पूरी हुई।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →