झारखंड: चतरा NTPC प्लांट में निर्माणाधीन ढांचा ढहा, 3 मजदूरों की मौत, कई घायल
झारखंड के चतरा जिले में स्थित एनटीपीसी (NTPC) के एक निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यहां एक कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक ढह जाने…
झारखंड के चतरा जिले में स्थित एनटीपीसी (NTPC) के एक निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यहां एक कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक ढह जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद प्लांट परिसर में तनाव का माहौल है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
यह दुर्घटना टंडवा स्थित नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में हुई, जहाँ मजदूर कन्वेयर बेल्ट के स्ट्रक्चर पर काम कर रहे थे। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष मैथानी ने तीन मजदूरों के मारे जाने की पुष्टि की है। हादसे के बाद साथी मजदूरों और प्रबंधन की मदद से घायलों को एनटीपीसी परिसर में स्थित संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच और मदद के निर्देश
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे को 'अत्यंत दुखद' बताते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित की जाए।
निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
यह हादसा प्लांट के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ, जब निर्माणाधीन ढांचा अचानक भरभरा कर गिर गया। शुरुआती जांच में इस दुर्घटना की एक संभावित वजह स्ट्रक्चरल डिजाइन में तकनीकी खामी को माना जा रहा है। इस परियोजना का मुख्य ठेका 'थायसन' कंपनी के पास है, जिसने काम के लिए 'सिम्प्लेक्स' नामक एक पेटी ठेकेदार कंपनी को नियुक्त किया था। घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने प्लांट परिसर में कुछ देर हंगामा भी किया, जिन्हें बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
इनपुट: IANS



