ईरान पर अमेरिकी हमला: 7 सैनिकों की मौत, 260 से ज़्यादा घायल; तेहरान ने कहा – सही समय पर देंगे जवाब
ईरान के दक्षिण-पूर्वी सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में एक सैन्य ठिकाने पर हुए अमेरिकी मिसाइल हमले में कम से कम सात ईरानी सैनिकों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्
ईरान के दक्षिण-पूर्वी सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में एक सैन्य ठिकाने पर हुए अमेरिकी मिसाइल हमले में कम से कम सात ईरानी सैनिकों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सेना ने इस हमले को "कायरना" बताते हुए चेतावनी दी है कि इसका "निर्णायक जवाब उचित समय पर दिया जाएगा।"
यह हमला ईरानशहर इलाके में स्थित बमपूर बैरक पर हुआ, जहाँ अमेरिका ने 13 मिसाइलें दागीं। ईरानी सेना ने एक बयान में कहा कि इस हमले का उद्देश्य सैन्य अड्डे के गेस्टहाउस, सुरक्षा चौकियों और आवासीय सुविधाओं को निशाना बनाकर अधिकतम लोगों को हताहत करना था। सेना ने यह भी कहा कि अड्डे पर मौजूद "सुरक्षा उपायों" के कारण हताहतों की संख्या को सीमित करने में मदद मिली। मारे गए सभी सैनिक 388वीं ब्रिगेड के थे।
नागरिकों पर भी हमले का आरोप
इस बीच, ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों में दक्षिणी ईरान पर हुए विभिन्न अमेरिकी हमलों में 30 से अधिक आम नागरिकों की भी जान गई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसैन केरमनपौर के अनुसार, इन हमलों में कुल 260 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं।
प्रवक्ता मोहाजेरानी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दक्षिणी ईरान को देश का "धड़कता हुआ दिल" बताते हुए कहा कि सरकार पूरी ताकत से जनता के साथ खड़ी है।
बुशहर प्रांत में भी हमले
इसके अलावा, बुशहर प्रांत के गवर्नर मोहम्मद मोजफ्फरी ने बताया कि अमेरिका ने इस पश्चिमी तटीय शहर में भी चार स्थानों को निशाना बनाया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, गवर्नर ने स्पष्ट किया कि मंगलवार सुबह हुए इन हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में स्थिति सामान्य है, लेकिन बचाव एजेंसियां सतर्क हैं और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। बुशहर ईरान का एक रणनीतिक क्षेत्र है, जहाँ कई महत्वपूर्ण औद्योगिक और ऊर्जा प्रतिष्ठान स्थित हैं।
इनपुट: IANS



