सूरत: पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
गुजरात के सूरत शहर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नानपुरा स्थित पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, एक धमकी भरा ईमेल मिलने
गुजरात के सूरत शहर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नानपुरा स्थित पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
यह घटना दो दिन पहले सूरत जिला अदालत को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने के ठीक बाद हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को धमकी की सूचना मिलते ही सूरत पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें संबंधित कार्यालयों पर पहुंच गईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
अथवा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर तेजस गढ़वी ने IANS को बताया, "पुलिस को एक धमकी भरा संदेश मिला जिसमें दावा किया गया था कि नानपुरा में पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस में बम रखे गए हैं।" उन्होंने बताया कि सूचना पुलिस कंट्रोल रूम से मिली थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले बिना किसी अफरा-तफरी के पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इंस्पेक्टर गढ़वी ने कहा, "बम स्क्वाड की टीम से पोस्ट ऑफिस की पूरी इमारत की चेकिंग कराई गई। चेकिंग के दौरान धमकी से संबंधित कोई ऐसी चीज हम लोगों को नहीं मिली है। यहां शांति है और कोई परेशानी वाली बात नहीं है।"
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
तलाशी अभियान पूरा होने के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और अब इस मामले में आगे की जांच की जाएगी। गौरतलब है कि गुजरात में इस तरह की धमकियों का यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने 17 जून को भी जामनगर और वडोदरा महानगरपालिका कार्यालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद इमारतों को खाली कराकर सघन जांच की गई थी। उस समय एसीपी आरआर अहीर ने बताया था कि सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के मुख्यालय में भी धमकी के बाद तलाशी ली गई थी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
इनपुट: IANS



