आजम खान को गृह मंत्री बनाने की चर्चा पर ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर तीखा वार, कहा- 'बहुजन समाज डरा हुआ है'
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं…
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं को लेकर कहा कि इस ऐलान के बाद से पूरा बहुजन समाज डरा हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे घोषणा करें कि आजम खान को गृह मंत्री नहीं बनाया जाएगा।
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, "ए अखिलेश बाबू! एक कहावत है न कि 'गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गये'।" उन्होंने लखनऊ की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के लोगों ने पुलिस के इकबाल को चुनौती दी है। राजभर ने आरोप लगाया, "और आज़म ख़ान को गृह मंत्री बनाकर आप मुजफ्फरनगर जैसा दंगा यूपी के शहर-शहर में शुरू करवाना चाहते हैं ना?"
सत्ता के लिए छटपटाहट का आरोप
अपने पोस्ट में राजभर ने आगे लिखा कि अखिलेश यादव सत्ता के लिए इसलिए छटपटा रहे हैं ताकि वे 'रामपुरी चाकू' का डर दिखाकर गैर-यादव पिछड़ों और बहुजनों पर अत्याचार करवा सकें। उन्होंने आरोप लगाया, "...जर-जोरू-जमीन पर कब्जा कराएंगे, और गली-गली में बहन-बेटियों की इज्जत लूटेंगे...? यही सब तो आप लोगों ने हमेशा से किया है।"
उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी, "वैसे सत्ता का सपना इस जन्म में छोड़ दीजिए, अगली पैदाइश में आज़म ख़ान को गृह मंत्री बनाने पर मेहनत कीजिए।"
बाबा साहेब के अपमान का मुद्दा उठाया
राजभर ने यह भी कहा कि जो आजम खान अखिलेश यादव की मौजूदगी में डॉ. भीमराव अंबेडकर को 'भू-माफिया' बता सकते हैं, उन्हें गृह मंत्री बनाने का सपना देखा जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई, "ऐसा हुआ तो ये जान लीजिएगा वो गैर यादव पिछड़ों और बहुजन समाज के खिलाफ बहुत षड्यंत्र और पाप करेगा। क्या-क्या जुल्म ढाएगा, इसकी कल्पना भी नही की जा सकती।"
अंत में, उन्होंने फिर से अपनी चुनौती दोहराते हुए लिखा, "अगर आप में दम है! तो बस एक बार ट्विटर, एसपी-पीसी से ही घोषणा कर दीजिए कि आजम खान को गृह मंत्री नहीं बनाएंगे…कर पाएंगे ऐसा? है दम?"
इनपुट: IANS



