कोलंबिया: नई सरकार के शपथ लेते ही दो बम धमाके, एक पुलिसकर्मी की मौत, कई घायल
कोलंबिया में नई सरकार के कामकाज संभालने के पहले ही दिन देश दोहरे बम धमाकों से दहल गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला के शपथ ग्रहण के 24…
कोलंबिया में नई सरकार के कामकाज संभालने के पहले ही दिन देश दोहरे बम धमाकों से दहल गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला के शपथ ग्रहण के 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों पर हुए इन हमलों में एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। इन घटनाओं ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन हमलों की निंदा करते हुए राष्ट्रपति डे ला एस्प्रीएला ने सख्त कार्रवाई का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि "उन्हें न तो कोई शरण मिलेगी और न ही किसी तरह की रियायत।" उन्होंने यह भी कहा कि देश के बुनियादी ढांचे पर हमला विकास पर हमला है।
अलग-अलग जगहों पर हुए हमले
पहला हमला दक्षिण-पश्चिमी शहर कैली में शुक्रवार को राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के अगले दिन, यानी शनिवार तड़के हुआ। यहां सेंटेंडर डी क्विलिचाओ नगरपालिका में पैन-अमेरिकन हाईवे पर बन रहे एक टोल बूथ को विस्फोटकों से उड़ा दिया गया। सेना को शक है कि इस हमले के पीछे FARC के विद्रोही गुटों का हाथ है, जो इवान मोरोडिस्को के नेतृत्व में सक्रिय हैं और 2016 के शांति समझौते को नहीं मानते। इस घटना में दो सुरक्षा गार्ड मामूली रूप से घायल हुए और टोल बूथ को भारी नुकसान पहुँचा।
वहीं, करीब 1,000 किलोमीटर दूर उत्तरी प्रांत सीजर में एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार तड़के हुए इस हमले में विस्फोटक लगे ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
नई सरकार की कठोर नीतियां
दक्षिणपंथी नेता डे ला एस्प्रीएला ने अपने चुनाव प्रचार में 'नार्को-आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी समझौते' की नीति का वादा किया था। उन्होंने सशस्त्र समूहों से शांति वार्ता खत्म करने और विद्रोही संगठनों व नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की बात कही है। वह अल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले की नीतियों के प्रशंसक माने जाते हैं और उसी तर्ज पर बड़ी जेलें बनाने का वादा कर चुके हैं।
परिवहन मंत्री एल्सा नोगुएरा ने भी टोल बूथ पर हुए हमले की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "कोलंबिया हिंसा के आगे नहीं झुकेगा, न ही वह हमारे इलाकों को जोड़ने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म होने देगा।" उन्होंने बताया कि इलाके में यातायात बहाल करने का काम जारी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कोलंबिया लगभग एक दशक की सबसे गंभीर हिंसा का सामना कर रहा है।
इनपुट: IANS



