छत्तीसगढ़: बेमेतरा में स्वास्थ्य विभाग में 52 पदों पर भर्तियां, 14 अगस्त तक करें आवेदन
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छा अवसर सामने आया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय ने संविदा के आधार पर 52 विभिन्न…
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छा अवसर सामने आया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय ने संविदा के आधार पर 52 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 14 अगस्त को शाम 5 बजे तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक, कुल 52 रिक्तियों में सबसे अधिक 24 पद कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के लिए हैं। इसके अलावा स्टाफ नर्स (SNCU/NBSU) के 6, नर्सिंग ऑफिसर के 3, और काउंसलर (NHM) के 3 पद शामिल हैं। अन्य पदों में फिजियोथेरेपिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एमओ-आयुष, डेंटल असिस्टेंट, फार्मासिस्ट, जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट और सपोर्ट स्टाफ समेत कई अन्य भूमिकाएं भी हैं।
योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। आवेदकों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं, 12वीं, GNM, BSc नर्सिंग, BAMS/BHMS, फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा, फिजियोथेरेपी में बैचलर डिग्री (BPT) और संबंधित क्षेत्र में अन्य डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष है, जबकि अधिकतम आयु पद के अनुसार 64 से 70 वर्ष तक हो सकती है। आयु की गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच, कौशल परीक्षा और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को पद के अनुसार हर महीने 8,800 रुपए से लेकर 25,000 रुपए तक का वेतन दिया जाएगा।
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवारों को CMHO की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा। फॉर्म को भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संलग्न करना होगा। इसके बाद भरे हुए फॉर्म को एक लिफाफे में रखकर 'कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिग्नल चौक के पास बेमेतरा, जिला- बेमेतरा (छत्तीसगढ़)' के पते पर डाक द्वारा भेजना होगा। आवेदन के लिए अनारक्षित वर्ग को 300 रुपए, ओबीसी/महिलाओं को 200 रुपए और दिव्यांग/एसटी/एससी वर्ग को 100 रुपए का शुल्क देना होगा।
इनपुट: IANS



