बेंगलुरु एयरपोर्ट: बैंकॉक से आए दो यात्रियों की पैंट में मिला 260 ग्राम सोना, CISF ने पकड़ा
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बैंकॉक से बेंगलुरु पहुंचे दो यात्रियों…
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बैंकॉक से बेंगलुरु पहुंचे दो यात्रियों के पास से कपड़ों में छिपाकर रखा गया लगभग 260 ग्राम सोने जैसा पाउडर बरामद किया गया है। ये दोनों यात्री बेंगलुरु से अहमदाबाद की उड़ान पकड़ने वाले थे।
CISF के जवानों को सुरक्षा जांच के दौरान इन यात्रियों के व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें आगे की पड़ताल के लिए रोका गया। बारीकी से तलाशी लेने पर उनकी पैंट की कमर में दो पैकेट सिले हुए मिले, जिनमें यह पाउडर भरा था। तौलने पर इसका वज़न 260 ग्राम निकला।
कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा
शुरुआती जांच में इसे तस्करी का सोना माना जा रहा है। CISF ने पकड़े गए दोनों यात्रियों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पुलिस के हवाले कर दिया है।
दिल्ली में भी पकड़ी गई थी बड़ी रकम
यह घटना एयरपोर्ट पर CISF की सतर्कता का एक और उदाहरण है। गौरतलब है कि इससे पहले बल ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर भी एक बड़ी कार्रवाई की थी। वहां जवानों ने दो यात्रियों के पास से 68,53,500 रुपये की नकदी जब्त की थी। उस मामले में भी यात्रियों के व्यवहार और CCTV फुटेज की मदद से कार्रवाई की गई थी। दिल्ली में पकड़े गए यात्री गुवाहाटी के रास्ते अगरतला जा रहे थे और उन्हें आयकर विभाग को सौंपा गया था।
इनपुट: IANS



