छत्तीसगढ़: स्कूल की टपकती छतों के नीचे भविष्य संवारने की चुनौती, प्रशासन ने फोटो खींची पर कार्रवाई नहीं
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हर बारिश में अपनी पढ़ाई बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। यहां के गुरसिया क्षेत्र स्थित स्कूल की लगभग हर कक्षा की छत से पानी टपक रहा…
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हर बारिश में अपनी पढ़ाई बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। यहां के गुरसिया क्षेत्र स्थित स्कूल की लगभग हर कक्षा की छत से पानी टपक रहा है, जिससे विद्यार्थियों की किताबें भीग रही हैं और पढ़ाई बाधित हो रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह समस्या पिछले साल से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
स्कूल के छात्रों ने बताया कि बारिश होते ही कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो जाता है। एक छात्र के अनुसार, “जब बारिश होती है, तो छत से बहुत पानी टपकता है, जिससे हमारी पढ़ाई में रुकावट आती है। हर क्लास रूम में पानी टपकता है।” पानी से बचने के लिए छात्रों को बार-बार अपनी बेंच खिसकानी पड़ती है और कभी-कभी तो कक्षा से बाहर भी जाना पड़ता है। इस स्थिति का सबसे बुरा असर 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों पर पड़ रहा है।
प्रशासन का रवैया और स्कूल की कोशिशें
स्कूल के सहायक प्राचार्य प्रेम कुमार ने पुष्टि की है कि बरामदे सहित करीब सात कमरों में सीपेज की गंभीर समस्या है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में रखे जरूरी सामान और अलमारियों को प्लास्टिक शीट से ढककर बचाने की कोशिश की जा रही है। स्कूल प्रबंधन ने इस समस्या के बारे में जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित में सूचित किया है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सहायक प्राचार्य ने यह भी बताया कि बीच में प्रशासन के कुछ अधिकारी स्कूल आए थे, उन्होंने बदहाली की तस्वीरें लीं और चले गए, लेकिन उसके बाद मरम्मत का कोई काम शुरू नहीं हुआ। फिलहाल, स्कूल ने वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का पाइप खोलकर पानी की निकासी का अस्थायी उपाय किया है, जिससे सीपेज में मामूली कमी आई है। छात्रों का कहना है कि बारिश के दौरान बिजली चले जाने और पीने के पानी की कमी से उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
इनपुट: IANS



