झारखंड: बंधक छुड़ाने गई पुलिस टीम पर गांव में हमला, थाना प्रभारियों समेत 3 घायल, हवाई फायरिंग करनी पड़ी
झारखंड के चतरा जिले में एक गांव में तनावपूर्ण स्थिति तब बन गई जब बंधक बनाए गए एक युवक और महिला को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
झारखंड के चतरा जिले में एक गांव में तनावपूर्ण स्थिति तब बन गई जब बंधक बनाए गए एक युवक और महिला को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में दो थाना प्रभारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उग्र होती भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा।
यह घटना मंगलवार देर शाम चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में हुई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कामता निवासी मोहम्मद शाहबाज अंसारी और एक महिला को ग्रामीणों ने एक घर में बंधक बना लिया है। इसी सूचना पर टंडवा के थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
कैसे बिगड़े हालात?
पुलिस के अनुसार, जब वे दोनों को घर से निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी स्थिति बिगड़ गई। शाहबाज के कुछ समर्थकों ने घर की एस्बेस्टस की छत को तोड़कर हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और उन्होंने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाने से भी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्हें छह टांके लगे हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और एक अन्य पुलिसकर्मी भी इस हमले में घायल हुए हैं।
नियंत्रण के लिए हवाई फायरिंग
थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा ने बताया कि बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया गया, लेकिन जब हालात नहीं सुधरे तो पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना की खबर मिलते ही चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी भी रात में ही भारी पुलिस बल के साथ सिदपा गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इनपुट: IANS



