छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती: 2200 से ज़्यादा पदों के लिए आवेदन का मौका, जानें योग्यता, तारीखें और पूरी प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। राज्य के लोक शिक्षण संचालनालय के तहत सहायक शिक्षक के कुल 2,292 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। समाचार एजेंसी…
छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। राज्य के लोक शिक्षण संचालनालय के तहत सहायक शिक्षक के कुल 2,292 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड (CGSSB) ने इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है और इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती लिखित परीक्षा (एलएसएटी26) के आधार पर होगी। कुल 2,292 रिक्तियों में से 795 पद सहायक शिक्षक (ई-कैडर) के लिए और 1,497 पद सहायक शिक्षक (टी-कैडर) के लिए आरक्षित हैं। आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई से ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी है।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं और ग्रेजुएशन पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी के आधार पर आवेदक की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट का प्रावधान है।
महत्वपूर्ण तारीखें और परीक्षा
आवेदन की अंतिम तिथि: 21 अगस्त, शाम 5 बजे तक
फॉर्म में सुधार: 22 अगस्त से 24 अगस्त, शाम 5 बजे तक
प्रवेश पत्र जारी होने की संभावित तिथि: 10 अक्टूबर
लिखित परीक्षा की संभावित तिथि: 11 अक्टूबर (सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक)
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य वर्ग के लिए यह शुल्क 350 रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 250 रुपये और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग वर्ग के लिए 200 रुपये निर्धारित है। योग्य उम्मीदवारों का अंतिम चयन लिखित परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification) जैसे चरणों के आधार पर किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए CGSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी गई है।
इनपुट: IANS



