मंगलवार, 11 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल

बंगाल चुनाव बाद हिंसा: तीन साल से फरार ₹50,000 का इनामी अपराधी गोपाल दास CBI के हत्थे चढ़ा

पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक चर्चित मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक अहम कामयाबी मिली है। एजेंसी ने तीन साल से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी गोपाल दास उर्फ…

बंगाल चुनाव बाद हिंसा: तीन साल से फरार ₹50,000 का इनामी अपराधी गोपाल दास CBI के हत्थे चढ़ा
(फोटो: IANS)

पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक चर्चित मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक अहम कामयाबी मिली है। एजेंसी ने तीन साल से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी गोपाल दास उर्फ विशाल पॉल को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गोपाल दास पर अभिजीत सरकार नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में शामिल होने का आरोप है और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया था।

विज्ञापन

सीबीआई ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी कि आरोपी को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित रवींद्रनगर से पकड़ा गया। एजेंसी के अनुसार, ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल इनपुट के आधार पर इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया गया। आरोपी गोपाल दास 2021 में FIR दर्ज होने के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और न तो कभी जांच में शामिल हुआ और न ही मुकदमे के लिए अदालत में पेश हुआ।

कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई थी जांच

यह पूरा मामला 2 मई 2021 का है, जब कोलकाता के नारकेलडांगा पुलिस स्टेशन क्षेत्र की शीतलतला लेन में अभिजीत सरकार की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 अगस्त 2021 को जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। इसी आदेश का पालन करते हुए सीबीआई ने 25 अगस्त 2021 को मामला अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की।

38 आरोपियों के खिलाफ दायर है चार्जशीट

जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने इस मामले में 2021 और 2025 में चार्जशीट और सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें कुल 38 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इन आरोपियों में गोपाल दास के अलावा तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तत्कालीन विधायक परेश पाल और तत्कालीन पार्षद स्वप्न समाद्दार व पापिया घोष जैसे बड़े नाम भी शामिल थे। इन सभी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह मामला फिलहाल कलकत्ता की सिटी सेशंस कोर्ट में विचाराधीन है। गिरफ्तार आरोपी गोपाल दास को मंगलवार को सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पश्चिम बंगाल से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →