गुरूवार, 20 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
देश

BRICS समिट 2026: दिल्ली में तैयारियों की समीक्षा, उपराज्यपाल ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

भारत में 2026 में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में राजधानी के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की…

BRICS समिट 2026: दिल्ली में तैयारियों की समीक्षा, उपराज्यपाल ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
(फोटो: IANS)

भारत में 2026 में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में राजधानी के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उपराज्यपाल ने इस बैठक की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की।

विज्ञापन

उपराज्यपाल संधू ने अपने पोस्ट में लिखा कि बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय विजन और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए, समिट के लिए दिल्ली को चुने जाने के महत्व और सभी स्तरों पर अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समय पर काम पूरा करने पर जोर दिया।"

तैयारियों से जुड़े प्रमुख निर्देश

बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य जगहों और आने-जाने के रास्तों पर ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, शहर के रखरखाव और आपातकालीन चिकित्सा तैयारियों को भी दुरुस्त रखने का आदेश दिया गया। संधू ने 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली आने वाले सभी प्रतिनिधियों का व्यवस्थित, सुरक्षित और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भारत चौथी बार करेगा मेजबानी

यह चौथा मौका होगा जब भारत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करेगा। यह सम्मेलन 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस बार की बैठक के प्रमुख विषयों में आर्थिक सहयोग, वैश्विक शासन में सुधार, स्थानीय मुद्राओं में व्यापार और सतत विकास शामिल हैं। इससे पहले 15 अगस्त को, नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने भी अपनी टीम से ब्रिक्स सम्मेलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयार रहने का आह्वान किया था।

हाल ही में, मुंबई में ब्राजील के कॉन्सल जनरल जोस मौरो दा फोंसेका कोस्टा कौटो ने ब्रिक्स बैठकों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा था कि यह सदस्य देशों को "यूरोपीय या पश्चिमी देशों के दखल के बिना" निजी तौर पर मिलने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार साझा करने का अवसर देता है।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →