भोपाल BMHRC में 66 सरकारी नौकरियों का मौका, नर्सिंग ऑफिसर से लेकर टेक्नीशियन तक के पद खाली
अगर आप मेडिकल और एडमिनिस्ट्रेशन के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। समाचार एजेंसी IANS से मिली…
अगर आप मेडिकल और एडमिनिस्ट्रेशन के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, BMHRC ने ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के कुल 66 खाली पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इच्छुक उम्मीदवार बीएमएचआरसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 16 अक्टूबर शाम 5 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर शाम 5 बजे तक रखी गई है। आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर सुबह 10 बजे से ही जारी है।
किन पदों पर कितनी भर्तियाँ
जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक, कुल 66 रिक्तियों में से 31 पद ग्रुप-बी के और 35 पद ग्रुप-सी के हैं। ग्रुप-बी के तहत नर्सिंग ऑफिसर के 14, ट्यूटर (नर्सिंग कॉलेज) के 5, मेडिकल सोशल वर्कर के 3, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 2 और सिविल इंजीनियर, मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, वार्डन, परफ्यूजनिस्ट ग्रेड-II, डायटीशियन, साइकियाट्री टेक्नीशियन व असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के 1-1 पद शामिल हैं।
इसी तरह, ग्रुप-सी के 35 पदों में मेडिकल टेक्नीशियन के 16, पर्सनल असिस्टेंट के 7, मेडिकल अटेंडेंट के 6, नॉन-मेडिकल टेक्नीशियन के 2 और फार्मासिस्ट, स्टोर इंचार्ज, स्टोर कीपर व इंसिनरेटर ऑपरेटर का 1-1 पद शामिल है।
योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। इसमें 10वीं के साथ आईटीआई सर्टिफिकेट से लेकर 12वीं, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन तक शामिल है। इसके अलावा, कुछ पदों के लिए 1 से 3 साल का कार्य अनुभव भी अनिवार्य है। आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 27 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के आधार पर होगा। पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए स्किल टेस्ट भी लिया जाएगा। अंतिम चयन से पहले दस्तावेजों की जांच और मेडिकल फिटनेस टेस्ट भी होगा।
वेतन और आवेदन शुल्क
चयनित होने वाले उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने 19,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये तक का वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 590 रुपये है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा। वहीं, एससी/एसटी, दिव्यांग, महिला और पूर्व-सैनिक उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए BMHRC की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



