केनरा बैंक में 3500 ग्रेजुएट अप्रेंटिस की भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं, तो केनरा बैंक ने एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया है। बैंक ने देशभर में एक साल की अवधि के लिए ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 3,500 पदों पर भर्ती के लिए…
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं, तो केनरा बैंक ने एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया है। बैंक ने देशभर में एक साल की अवधि के लिए ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 3,500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 17 अक्टूबर तक अप्लाई कर सकते हैं।
यह भर्ती विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भाषा के आधार पर की जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 16,650 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को ऑफिशियल अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर केनरा बैंक की वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी भी विषय में ग्रेजुएट (स्नातक) होना आवश्यक है। योग्यता के लिए एक विशेष शर्त यह है कि उम्मीदवार ने अपनी ग्रेजुएशन 1 जनवरी 2023 से पहले और 1 सितंबर 2026 के बाद पास न की हो। आवेदकों की आयु 1 सितंबर 2026 को न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, मेरिट लिस्ट, स्थानीय भाषा की परीक्षा, मेडिकल फिटनेस और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा। वहीं, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
किस राज्य में कितने पद
बैंक ने राज्यवार रिक्तियों का भी ब्योरा दिया है। कुछ प्रमुख राज्यों में पद इस प्रकार हैं: कर्नाटक (581), उत्तर प्रदेश (409), तमिलनाडु (391), आंध्र प्रदेश (247), केरल (240), महाराष्ट्र (205), पश्चिम बंगाल (150), तेलंगाना (134), बिहार (122), हरियाणा (114), मध्य प्रदेश (110), और दिल्ली (93)। अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी विभिन्न संख्या में पद उपलब्ध हैं।
इनपुट: IANS



