मुजफ्फरपुर: नाला खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन फटी, 7 स्कूली छात्राएं बेहोश होकर गिरीं
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नाले के निर्माण कार्य के दौरान एक गैस पाइपलाइन फट गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लीक हुई गैस की चपेट में आने से स्कूल जा रही सा…
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नाले के निर्माण कार्य के दौरान एक गैस पाइपलाइन फट गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लीक हुई गैस की चपेट में आने से स्कूल जा रही सात छात्राएं बेहोश हो गईं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर मुसहरी प्रखंड के रहुआ गांव के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) की तरफ से रहुआ गांव के पास नाला निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक जेसीबी मशीन ने जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे गैस का तेजी से रिसाव होने लगा। ठीक उसी समय वहां से गुजर रहीं प्लस-2 रहुआ हाई स्कूल की सात छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं और कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ीं।
अस्पताल में भर्ती छात्राएं
स्थानीय लोगों ने फौरन सभी प्रभावित छात्राओं को मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने बताया कि दो छात्राओं की हालत में सुधार है और उनका इलाज पीएचसी में ही चल रहा है।
हालांकि, पांच छात्राओं की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। इन छात्राओं में नाहिदा खातून, अमृता कुमारी, राखी कुमारी, दिव्या कुमारी और विशाखा कुमारी शामिल हैं, जिन्हें एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए भेजा गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे की खबर मिलते ही छात्राओं के परिजन घबराकर अस्पताल पहुंचे। वहीं, मुसहरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय समाजसेवी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बुडको द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। इंडियन ऑयल के तकनीकी अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर गैस रिसाव को बंद करने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



