मधुबनी: सुबह की सैर से लौट रही तीन महिलाओं को अज्ञात वाहन ने रौंदा, तीनों की मौत, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
बिहार के मधुबनी जिले में रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही तीन महिलाओं के लिए काल बनकर आई। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही…
बिहार के मधुबनी जिले में रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही तीन महिलाओं के लिए काल बनकर आई। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर दी।
यह भीषण हादसा बेनीपट्टी स्टेट हाईवे पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब छह बजे हुआ। मृतकों की पहचान धकजरी गांव के नवटोली की रहने वाली रीता देवी (42), किरण देवी (40) और 70 वर्षीय फूलदाई देवी के रूप में की गई है।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं रोज की तरह रविवार सुबह भी टहलने निकली थीं। घर लौटते समय उनमें से कुछ महिलाएं थककर सड़क किनारे जगदंबा पेट्रोल पंप के पास बैठ गई थीं। इसी दौरान रहिका की ओर से बेनीपट्टी की तरफ जा रहे एक काले रंग के अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
गुस्साए लोगों का प्रदर्शन, पुलिस मौके पर
हादसे की खबर मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिससे पेट्रोल पंप के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद से पूरे नवटोली गांव में मातम पसरा है।
इनपुट: IANS



