गुरूवार, 22 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

बिहार: होटल की दाल में मिला कॉकरोच, लाइसेंस निलंबित; KFC-Pizza Hut जैसे ब्रांड्स को भी नोटिस

बिहार में त्योहारों के मौसम में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर के एक होटल की दाल में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया…

बिहार: होटल की दाल में मिला कॉकरोच, लाइसेंस निलंबित; KFC-Pizza Hut जैसे ब्रांड्स को भी नोटिस
(फोटो: IANS)

बिहार में त्योहारों के मौसम में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर के एक होटल की दाल में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पटना में केएफसी और पिज्जा हट जैसे कई जाने-माने फूड आउटलेट्स में भी गंभीर खामियां पाई गई हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।

विज्ञापन

यह कार्रवाई खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित कराना है।

हाजीपुर के साहू होटल पर गिरी गाज

मामला हाजीपुर के राजेंद्र चौक स्थित मेसर्स साहू होटल का है, जहां एक ग्राहक को परोसी गई दाल तड़का में कॉकरोच मिला था। शिकायत मिलने के बाद 21 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल का निरीक्षण किया। जांच में रसोई में गंदगी और पके हुए भोजन को खुले में अस्वच्छ तरीके से रखने जैसी कई अनियमितताएं सामने आईं। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन मानते हुए, लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने 22 अक्टूबर से होटल का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और उसके संचालन पर रोक लगा दी।

पटना के बड़े ब्रांड्स भी घेरे में

इसके अलावा, 21 अक्टूबर को ही पटना के कई लोकप्रिय फूड जॉइंट्स पर भी छापा मारा गया। अधिकारियों ने कई जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

विभिन्न प्रतिष्ठानों में मिलीं ये खामियां:

  • बार्बेक्यू नेशन (केपी मॉल): यहां से खराब गंध वाला 30 किलो पनीर और 4 किलो चावल जब्त कर नष्ट किया गया। वॉश एरिया में रखे होने के कारण 15 किलो पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई।
  • बार्बेक्यू नेशन (वन मॉल): इस आउटलेट में ब्रेड के पैकेट में कीड़े पाए गए और जले हुए तेल को भी नष्ट किया गया।
  • केएफसी (बोरिंग कैनाल रोड): यहां औद्योगिक उपयोग वाले 835 PET गिलासों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई।
  • पिज्जा हट (अनीसाबाद): यहां रसोई की टाइल्स गंदी पाई गईं और शौचालय की स्वच्छता की स्थिति भी बेहद खराब थी।

अन्य कई आउटलेट्स में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को एक साथ रखने और किचन में साफ-सफाई की कमी जैसी समस्याएं भी मिलीं। विभाग ने इन सभी प्रतिष्ठानों को अपनी कमियों को दूर करने के लिए 14 दिनों का समय दिया है और कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →