बिहार भाजपा उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज
बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस घटना के बाद उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र…
बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस घटना के बाद उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात की है, जब बचौल अपने पटना स्थित आवास पर थे।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, 25 जुलाई की रात लगभग 8:46 बजे हरिभूषण ठाकुर बचौल को एक अज्ञात नंबर से उनके दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर कॉल आई। उनका आरोप है कि फोन उठाने पर दूसरी तरफ से बात कर रहे व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में क्या है?
बचौल ने अपनी शिकायत में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण विवरण दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिस नंबर (9631486535) से धमकी भरा कॉल आया, उससे बाद में कई बार मिस्ड कॉल भी किए गए। यह कॉल उनके निजी नंबरों 9771629033 और 9431086734 पर की गई थी। पूर्व विधायक ने यह भी दावा किया है कि जब उन्होंने धमकी देने वाले नंबर को 'ट्रूकॉलर' ऐप पर जांचा, तो 'मोहम्मद इनामुल' नाम दिखाई दिया, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
26 जुलाई को दिए गए इस आवेदन में उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इस घटना के बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है, खासकर जब पटना में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। पुलिस अब आवेदन में दिए गए तथ्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



