नीट पेपर लीक: बिहार बंद के दौरान पटना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, लाठीचार्ज
नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाए गए 'बिहार बंद' के दौरान शनिवार को राजधानी पटना में माहौल तनावपूर्ण हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाए गए 'बिहार बंद' के दौरान शनिवार को राजधानी पटना में माहौल तनावपूर्ण हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना पटना के रामगुलाम चौक और एग्जिबिशन रोड ओवरब्रिज के पास हुई, जहां वामपंथी छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (आरवीईए) के आह्वान पर प्रदर्शनकारी जमा हुए थे। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में ही यह कार्रवाई हुई।
मोबाइल टावर पर चढ़े प्रदर्शनकारी
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी रामगुलाम चौक के पास एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इस घटना से मौके पर तनाव बढ़ गया और इसके बाद ही कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू हुई। हालांकि, पुलिस ने बाद में भीड़ को नियंत्रित कर लिया।
इस बंद का समर्थन कई वामपंथी दलों ने भी किया, जिनके कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते दिखे। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी पटना के रामगुलाम चौक पर प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने IANS से कहा, "छात्रों के साथ नाइंसाफी हो रही है। लोग इस सरकार से परेशान हो चुके हैं। सभी की मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए।"
राज्य के अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शन
नीट पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यह बंद बुलाया गया था। पटना के अलावा समस्तीपुर, छपरा, सीवान और जहानाबाद जैसे जिलों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। बंद को देखते हुए राज्य भर में पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त भी की गई।
इनपुट: IANS



