भारतीय सेना में NCC स्पेशल एंट्री: 70 पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त
अगर आप इंडियन आर्मी में ऑफिसर बनकर देश सेवा करना चाहते हैं, तो यह एक बेहतरीन अवसर हो सकता है। भारतीय सेना ने अविवाहित पुरुषों के लिए एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम के 125वें कोर्स के तहत 70 पदों पर भर्ती…
अगर आप इंडियन आर्मी में ऑफिसर बनकर देश सेवा करना चाहते हैं, तो यह एक बेहतरीन अवसर हो सकता है। भारतीय सेना ने अविवाहित पुरुषों के लिए एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम के 125वें कोर्स के तहत 70 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त, दोपहर 3 बजे समाप्त हो जाएगी।
यह भर्ती शॉर्ट सर्विस कमीशन (नॉन-टेक) के लिए है। कुल 70 रिक्तियों में से 63 पद सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए हैं, जबकि 7 पद भारतीय सेना के उन जवानों के आश्रितों के लिए आरक्षित हैं जो युद्ध में हताहत हुए थे। इच्छुक उम्मीदवार सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो, 1 जनवरी 2027 को आवेदक की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन एक बहु-चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से होगा। सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। अंतिम चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा।
चयनित होने वाले उम्मीदवारों का प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से शुरू होगा, जो 49 सप्ताह तक चलेगा। ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 56,100 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट की रैंक मिलेगी, और उनका सालाना सीटीसी (Cost To Company) लगभग 17 से 18 लाख रुपये होगा। इसके साथ ही सेना के अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए सेना की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



