स्पोर्ट्स कोटा: ITBP में कांस्टेबल के 126 पदों पर भर्ती, 1 नवंबर तक करें आवेदन
खेल के मैदान पर देश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) में शामिल होने का शानदार अवसर है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ITBP ने स्पोर्ट्स…
खेल के मैदान पर देश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) में शामिल होने का शानदार अवसर है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ITBP ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के 126 पदों के लिए भर्तियां निकाली हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और उम्मीदवार 1 नवंबर तक अपनी एप्लीकेशन जमा कर सकते हैं।
यह भर्ती ग्रुप 'सी' (नॉन-गजेटेड और नॉन-मिनिस्टीरियल) के पदों के लिए है, जिसमें कुल 72 पद पुरुषों के लिए और 54 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। भारत के साथ-साथ नेपाल और भूटान के योग्य नागरिक भी इन पदों के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये प्रति माह तक का वेतन मिलेगा।
आवेदन की प्रक्रिया और शुल्क
इच्छुक उम्मीदवार ITBP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 3 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये का आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। हालांकि, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सभी महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी छूट दी गई है।
आयु सीमा और पात्रता
इन पदों के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ये रिक्तियां दिव्यांग व्यक्तियों या पूर्व सैनिकों के लिए नहीं हैं।
किन खेलों में हैं मौके?
ITBP ने विभिन्न खेलों के लिए रिक्तियां निकाली हैं। इनमें एथलेटिक्स (5), एक्वेटिक्स (4), तीरंदाजी (5), बैडमिंटन (6), बास्केटबॉल (3), बॉक्सिंग (9), घुड़सवारी (1), फुटबॉल (2), जिमनास्टिक्स (6), हैंडबॉल (3), आइस हॉकी (6), हॉकी (3), जूडो (12), खो-खो (3), पेंचक सिलाट (4), पावरलिफ्टिंग (1), सेंट्रल स्की (8), स्पोर्ट्स शूटिंग (8), टेबल टेनिस (2), ताइक्वांडो (7), वॉलीबॉल (6), वेटलिफ्टिंग (4), कुश्ती (5), कैनोइंग (3), कायाकिंग (3), रोइंग (1), एमटीबी साइक्लिंग (2) और कराटे (4) जैसे खेल शामिल हैं।
इनपुट: IANS



