भारतीय सेना में महिला इंजीनियरों के लिए खास मौका, 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन जारी
अगर आप इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं और भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करना चाहती हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। इंडियन आर्मी ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) के तहत अविवाहित महिला उम्मीदवारों के…
अगर आप इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं और भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करना चाहती हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। इंडियन आर्मी ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) के तहत अविवाहित महिला उम्मीदवारों के लिए 30 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और इसकी अंतिम तिथि 6 अगस्त है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह भर्ती अप्रैल 2027 में शुरू होने वाले कोर्स के लिए है।
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें। आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शुरू हो चुकी थी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग की डिग्री (BE/B.Tech) होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो 1 अप्रैल 2027 को आवेदक की उम्र कम से कम 20 साल और अधिकतम 27 साल होनी चाहिए। सरकारी नियमों के अनुसार, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
पदों का विवरण और विशेष कोटा
कुल 30 रिक्तियों में अलग-अलग इंजीनियरिंग स्ट्रीम के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें सिविल के लिए 7, कंप्यूटर साइंस के लिए 4, इलेक्ट्रिकल के लिए 3, इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए 6 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए 9 पद शामिल हैं। इसके अलावा, रक्षा कर्मियों की विधवाओं के लिए भी दो विशेष पद आरक्षित हैं — एक एसएससीडब्ल्यू टेक-68 और दूसरा एसएससीडब्ल्यू टेक (नॉन-टेक) (नॉन-यूपीएससी)-125 कोर्स के तहत। इन विशेष पदों के लिए किसी भी टेक्निकल स्ट्रीम में BE/B.Tech या किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री मान्य होगी।
चयन प्रक्रिया और ट्रेनिंग
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा। सबसे पहले आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षण होगा। अंतिम चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में 49 हफ्तों की ट्रेनिंग दी जाएगी, जो अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक चलेगी। ट्रेनिंग के दौरान 56,100 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेनिंग पूरी होने पर उन्हें लेफ्टिनेंट की रैंक पर नियुक्त किया जाएगा, जहाँ सालाना CTC लगभग 17 से 18 लाख रुपये होगा। साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय सेना द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



