भारतीय सेना में लॉ ग्रेजुएट्स के लिए जज बनने का मौका, 17 अगस्त है आवेदन की आखिरी तारीख
अगर आप कानून की डिग्री रखते हैं और भारतीय सेना में सेवा देना चाहते हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर है। सेना ने अपने जज एडवोकेट जनरल (JAG) ब्रांच के लिए अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों से आवेदन…
अगर आप कानून की डिग्री रखते हैं और भारतीय सेना में सेवा देना चाहते हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर है। सेना ने अपने जज एडवोकेट जनरल (JAG) ब्रांच के लिए अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह भर्ती शॉर्ट सर्विस कमीशन (JAG)-125 कोर्स के तहत कुल 10 पदों के लिए की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार 17 अगस्त दोपहर 3 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर 17 जुलाई को दोपहर 3 बजे शुरू हो चुकी है। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द पूरा कर लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए कुछ खास योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास कम से कम 55 प्रतिशत कुल अंकों के साथ एलएलबी की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, आवेदक का दिसंबर 2025 में आयोजित कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट फॉर पोस्ट-ग्रेजुएट (CLAT PG) परीक्षा-2026 में शामिल होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2027 को उम्मीदवार की उम्र 21 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा। सबसे पहले CLAT PG स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसकी सूची सितंबर के दूसरे हफ्ते में जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों को SSB इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। अंतिम चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से शुरू होगा, जो 49 हफ्तों तक चलेगा। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें 56,100 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर उन्हें लेफ्टिनेंट की रैंक मिलेगी और उनका सालाना CTC (कॉस्ट टू कंपनी) लगभग 17 से 18 लाख रुपये होगा, जिसमें अन्य भत्ते और लाभ भी शामिल होंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए सेना द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



