बेंगलुरु: शादी के चार महीने बाद 25 वर्षीय टीचर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पति और ननद पर उत्पीड़न का आरोप
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक निजी स्कूल की 25 वर्षीय शिक्षिका ने अपनी शादी के महज चार महीने बाद आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उ
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक निजी स्कूल की 25 वर्षीय शिक्षिका ने अपनी शादी के महज चार महीने बाद आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने अपने पति और ननद पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान श्वेता के रूप में हुई है, जिन्होंने अपने घर में छत के पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। श्वेता ने चार महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था, लेकिन बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
सुसाइड नोट में छलका दर्द
पुलिस को घटनास्थल से हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें श्वेता ने लिखा है कि कथित उत्पीड़न के कारण अब उनकी जीने की कोई इच्छा नहीं बची है। अपनी मां के नाम लिखे एक भावुक संदेश में उन्होंने कहा, "अगर मैं मर जाऊं, तो मां, उन्हें बख्शना मत।" नोट में उन्होंने माफी मांगते हुए यह भी लिखा, "मुझसे गलती हो गई। प्लीज मुझे माफ कर देना।"
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा रही है। जानकारी के अनुसार, आत्महत्या से पहले शुक्रवार, 10 जुलाई को भी पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी।
इनपुट: IANS



