बिहार: बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज सिन्हा आज भरेंगे पर्चा, मुकाबला त्रिकोणीय
बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा
बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। सोमवार ही नामांकन का आखिरी दिन भी है। इस मुकाबले में राजद ने भी रेखा गुप्ता को उतारकर इसे त्रिकोणीय बना दिया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रशांत किशोर ने अपना पर्चा दाखिल करने से पहले सोमवार सुबह अपनी पत्नी के साथ सोनपुर के प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके समर्थक भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले वे एक पदयात्रा भी निकालेंगे, जो स्काउट एवं गाइड मैदान से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक जाएगी। यह पदयात्रा कोतवाली थाना, डाकबंगला, जेपी गोलबंदर और कारगिल चौक जैसे कई इलाकों से गुजरेगी।
भाजपा ने बदला उम्मीदवार
इस उपचुनाव में भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा। टिकट मिलने के बाद से नीरज सिन्हा लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इससे पहले शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी भेंट की थी।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। नवीन यहां से लगातार चार बार विधायक चुने गए थे, लेकिन राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने विधायक पद छोड़ दिया। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 16 जुलाई है।
इनपुट: IANS



