पंजाब: पराली जलाने पर 1 करोड़ से ज़्यादा का जुर्माना, फिरोजपुर में सबसे ज़्यादा मामले
पंजाब में धान की कटाई लगभग पूरी होने के साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की कार्रवाई भी तेज़ हो गई है। राज्य में अब तक पराली जलाने के 5,785 मामले सामने आए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने जुर्माने…
पंजाब में धान की कटाई लगभग पूरी होने के साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की कार्रवाई भी तेज़ हो गई है। राज्य में अब तक पराली जलाने के 5,785 मामले सामने आए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने जुर्माने, एफआईआर और अन्य दंडात्मक कदम उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने 13 नवंबर तक के जो आंकड़े जारी किए हैं, वे बताते हैं कि राज्य में धान की 98 प्रतिशत कटाई पूरी हो चुकी है।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत पूरे पंजाब में पराली जलाने वालों पर 1 करोड़ 5 लाख 85 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा (EC) लगाया गया है। इसमें से अब तक 39 लाख 35 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने पर 1,669 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।
प्रशासन की कार्रवाई का पूरा ब्यौरा
रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने अब तक कुल 5,312 खेतों का निरीक्षण किया और 2,347 जगहों पर आग लगने की घटनाओं का भौतिक सत्यापन किया। कार्रवाई के तहत 2,095 मामलों में जुर्माना लगाया गया। साथ ही, 1,971 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में 'रेड एंट्री' दर्ज की गई है और किसानों को 1,603 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 13 नवंबर तक किसी भी नोडल या सुपरवाइजरी अधिकारी के खिलाफ कोई चार्जशीट या निलंबन का आदेश जारी नहीं हुआ है।
पटियाला जिले की स्थिति
पटियाला जिले में भी धान की 98% कटाई पूरी हो चुकी है और यहां पराली जलाने के 388 मामले दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने जिले में 340 खेतों का निरीक्षण किया और 217 जगहों पर आग की पुष्टि की। जिले में कुल 162 मामलों में 8 लाख 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 3 लाख रुपए वसूले जा चुके हैं। इसके अलावा, पटियाला में 209 एफआईआर, 136 रेड एंट्री और 390 चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं।
किस जिले में कितने मामले?
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में पराली जलाने की सबसे ज़्यादा 794 घटनाएं फिरोजपुर जिले में दर्ज की गई हैं। इसके बाद तरनतारन (695), संगरूर (674), पटियाला (388), लुधियाना (300) और फाजिल्का (211) का स्थान है।
इनपुट: IANS



