दिल्ली-NCR: दम घोंट रही ज़हरीली हवा, हल्की बारिश की उम्मीद के बीच AQI 400 के पार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मंगलवार को भी वायु प्रदूषण का संकट बना रहा, जिससे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के निवासियों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी…
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मंगलवार को भी वायु प्रदूषण का संकट बना रहा, जिससे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के निवासियों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के 'गंभीर' स्तर को पार कर गया है, जिससे पूरा क्षेत्र एक 'गैस चैंबर' जैसा महसूस हो रहा है।
हालांकि, इस दमघोंटू माहौल के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक राहत भरी खबर दी है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उम्मीद है कि इस बारिश से हवा में घुले ज़हरीले कण कुछ हद तक कम होंगे और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
NCR के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का हाल
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और आईटीएम के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई निगरानी केंद्रों पर हवा 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली का एनआईएच नरेला इलाका 433 AQI के साथ सबसे प्रदूषित रहा। इसके अलावा, नॉर्थ कैंपस (डीयू) में 422, पूसा में 416 और एनएसयूटी जाफरपुर में 396 AQI दर्ज किया गया। अन्य इलाकों जैसे पंजाबी बाग (394), एनएसआईटी द्वारका (388), और पटपड़गंज (334) में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 439 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में यह 357 रहा। गाजियाबाद भी प्रदूषण की चपेट में है, जहां नई तहसील-लोनी में AQI ठीक 400 दर्ज किया गया। वसुंधरा में 366 और इंदिरापुरम में 361 AQI रहा।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बारिश की संभावना के साथ-साथ आने वाले दिनों के लिए चेतावनी भी जारी की है। 14 नवंबर के अलावा 16, 17, 18 और 19 नवंबर को घने कोहरे का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा में 95 प्रतिशत तक नमी के कारण स्मॉग की चादर और गहरी हो सकती है, जिससे दृश्यता पर भी असर पड़ेगा।
इनपुट: IANS



