बांग्लादेश में डेंगू का प्रकोप: 24 घंटे में 3 मौतें, इस साल अब तक 70 लोगों ने जान गंवाई
बांग्लादेश में डेंगू का संकट गहराता जा रहा है, जहाँ इस साल जनवरी से अब तक मच्छर जनित इस बीमारी से 70 लोगों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, अकेले पिछले 24 घंटों में तीन…
बांग्लादेश में डेंगू का संकट गहराता जा रहा है, जहाँ इस साल जनवरी से अब तक मच्छर जनित इस बीमारी से 70 लोगों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, अकेले पिछले 24 घंटों में तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिससे स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। ये तीनों मौतें ढाका साउथ सिटी कॉर्पोरेशन (डीएससीसी) क्षेत्र में दर्ज की गईं।
स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार सुबह 8:00 बजे तक समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान देश भर के विभिन्न अस्पतालों में 805 नए डेंगू मरीज भर्ती हुए। इसी अवधि में, 701 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इस साल 1 जनवरी से अब तक कुल 23,978 लोग डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।
लगातार बढ़ रहे हैं मामले
डीजीएचएस के अनुसार, कुल भर्ती मरीजों में से 22,159 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,749 मरीजों का इलाज अभी भी विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। ये आँकड़े देश में बीमारी के बढ़ते प्रसार को दर्शाते हैं।
विशेष रूप से चटगांव में इस महीने डेंगू के मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। द डेली स्टार की खबर के मुताबिक, अगस्त के पहले 11 दिनों में ही चटगांव में 361 नए मामले सामने आए थे। पुराने आंकड़े भी बताते हैं कि बांग्लादेश में जुलाई से अक्टूबर के बीच डेंगू का प्रकोप सबसे अधिक होता है।
बारिश बनी वजह
चटगांव के सिविल सर्जन डॉ. जहांगीर आलम ने कहा कि जुलाई और अगस्त की शुरुआत में दर्ज किए गए मामलों की संख्या पिछले छह महीनों के कुल मामलों से लगभग दोगुनी हो गई है। उन्होंने बताया, “बार-बार होने वाली मॉनसून की बारिश एडीज मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल होती है। यही कारण है कि मरीजों की संख्या बढ़ती है।"
इनपुट: IANS



