पश्चिम बंगाल: तारापीठ के एक होटल में भीषण आग, 6 लोगों की मौत, 11 से ज़्यादा घायल
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में मंगलवार तड़के एक होटल में आग लगने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के…
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में मंगलवार तड़के एक होटल में आग लगने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ जब तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास स्थित विदेशिनी होटल आग की लपटों में घिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस हादसे में घायल हुए लगभग 11-12 लोगों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच जारी, शॉर्ट सर्किट का अंदेशा
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन दमकल विभाग को शुरुआती तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका है। तारापीठ और रामपुरहाट पुलिस स्टेशनों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच कर रही हैं।
बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर ने पत्रकारों को बताया, "कोशिशें अभी भी जारी हैं। सभी को रामपुरहाट अस्पताल भेज दिया गया है। अब तक 11-12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम अभी और कोई जानकारी नहीं दे सकते।"
यह घटना उस दिन हुई जब पड़ोसी राज्य बिहार के लखीसराय जिले में एक मंदिर के बाहर भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की जान चली गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
इनपुट: IANS



