बांदा: नाबालिग से रेप के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक को लगी गोली
उत्तर प्रदेश के बांदा में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान एक…
उत्तर प्रदेश के बांदा में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना 24 जुलाई की रात की है, जब 16 वर्षीय एक किशोरी फतेहपुर जिले में स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए बांदा बस स्टॉप पर इंतजार कर रही थी। उसे मरका से नरेनी जाना था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 9 बजे नरेश (50) नाम के एक ऑटो ड्राइवर ने उसे नरेनी छोड़ने का झांसा देकर अपने ऑटो में बिठा लिया।
सुनसान जगह ले जाकर किया बलात्कार
आरोप है कि नरेश करीब एक घंटे तक उसे शहर में घुमाता रहा और फिर अपने साथी एजाज (25) को भी ऑटो में बिठा लिया। इसके बाद दोनों किशोरी को एक सुनसान जगह पर ले गए, जहाँ एजाज ने उसके साथ बलात्कार किया। जब पीड़िता ने चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया। किसी तरह पीड़िता ने आरोपी के हाथ पर दांत से काटा और वहां से भागकर पास के एक ढाबे पर पहुंची।
CCTV फुटेज से मिली मदद
ढाबे पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को चिकित्सीय सहायता के लिए अस्पताल भेजा। मामले की जाँच के लिए पुलिस ने शहर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और ई-रिक्शा की पहचान कर आरोपियों का सुराग लगाया।
रविवार सुबह करीब 10-11 बजे के बीच शहर कोतवाली के तिंदवारा बाईपास के पास भवानी पुरवा में पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेर लिया। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई फायरिंग में एक गोली एजाज के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने एजाज और उसके साथी नरेश, दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, एजाज पर पहले से ही हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
इनपुट: IANS



