चित्रकूट में बाढ़ पीड़ितों से मिले सीएम योगी, गिरे हुए घरों के लिए चेक और राशन किट बांटे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मंदाकिनी नदी की बाढ़ से जूझ रहे लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। रविवार को हुए इस दौरे में…
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मंदाकिनी नदी की बाढ़ से जूझ रहे लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। रविवार को हुए इस दौरे में मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी स्थिति का जायजा लिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने सैकड़ों प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें राहत सामग्री वितरित की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाढ़ में अपना घर खो चुके तीन लोगों को तत्काल सहायता के तौर पर 1.2 लाख रुपये के चेक सौंपे। साथ ही, कुछ अन्य लाभार्थियों को जमीन आवंटन के प्रमाण-पत्र भी दिए गए। प्रशासन को बाकी प्रभावितों का सर्वे जल्द पूरा कर इसी तरह की मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।
सरकार हर कदम पर साथ: सीएम योगी
राहत सामग्री बांटते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, "किसी भी प्रभावित व्यक्ति को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार समाज के हर वर्ग के प्रभावित लोगों को बिना किसी भेदभाव के हर संभव मदद देगी।"
सीएम ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दौरे के बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ एक समीक्षा बैठक भी की, जिसमें पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और हालात सामान्य करने के निर्देश दिए गए।
पीड़ितों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री से राहत सामग्री और मदद का आश्वासन पाकर कई पीड़ितों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। सीतापुर मलकाना इलाके की निवासी रानी और मंजू ने बताया कि उनका पूरा घर और सारा सामान बाढ़ में बर्बाद हो गया था, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा दी गई राशन किट से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम ने नया घर बनवाने का भरोसा दिया है। एक अन्य पीड़ित ज्ञान सिंह ने भी अपना कच्चा घर गिरने की बात कहते हुए राशन किट और नए घर का आश्वासन मिलने पर संतोष जताया।
इनपुट: IANS



