मथुरा कूच: कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और शराब-मांस पर रोक की मांग को लेकर 30 अगस्त को VHP का प्रदर्शन
अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा जोर पकड़ रहा है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHP) ने 30 अगस्त को 'मथुरा कूच यात्रा' का ऐलान किया है, जिसमें 25 हजार…
अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा जोर पकड़ रहा है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHP) ने 30 अगस्त को 'मथुरा कूच यात्रा' का ऐलान किया है, जिसमें 25 हजार कार्यकर्ताओं और साधु-संतों के शामिल होने का दावा किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और परिक्रमा मार्ग से मांस-मदिरा की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाना है।
परिषद ने इस अभियान के समर्थन में लखनऊ के कई चौराहों पर पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों पर "अयोध्या काशी हुई हमारी, अब है मथुरा की बारी" और "हर सनातनी की गूंज, नहीं होंगे आधे-आधे, अब मथुरा में होगा केवल राधे-राधे" जैसे नारे लिखे हैं, जिनके जरिए लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।
क्या हैं संगठन की प्रमुख मांगें?
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के मुताबिक, संगठन की दो मुख्य मांगें हैं। पहली, मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जाए। दूसरी, मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर मांस, मछली और शराब की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उन्होंने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां भव्य मंदिर बना और धार्मिक क्षेत्र में मांस-मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगा, वैसी ही कार्रवाई मथुरा में भी होनी चाहिए। संगठन इस संबंध में मथुरा जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपेगा।
यात्रा की योजना और उद्देश्य
यह यात्रा 30 अगस्त को सुबह नौ बजे लखनऊ स्थित परिषद कार्यालय से शुरू होगी। गोपाल राय ने बताया कि रास्ते में विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता इस काफिले में जुड़ते जाएंगे और सभी एक साथ मथुरा पहुंचेंगे। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पंकज प्रधान ने भी इन मांगों को दोहराते हुए कहा कि इस यात्रा का मकसद अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर निर्माण की मांग पूरी करने की अपील की है।
इनपुट: IANS



