ब्लू माउंटेन्स में दिल दहलाने वाली घटना: कार में चाकू से गोदे गए 3 मासूम और महिला, एक बच्चे की मौत
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (NSW) में स्थित एक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल, ब्लू माउंटेन्स के पास एक कार के अंदर एक महिला और तीन छोटे बच्चों को चाकू से गोदा हुआ पाया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (NSW) में स्थित एक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल, ब्लू माउंटेन्स के पास एक कार के अंदर एक महिला और तीन छोटे बच्चों को चाकू से गोदा हुआ पाया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस भयावह हमले में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला और दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना रविवार दोपहर लगभग 12:45 बजे की है, जब आपातकालीन सेवाओं को स्प्रिंगवुड के पास वैली हाइट्स में वाराताह रोड पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर, बचाव दल ने कार के भीतर महिला और तीन बच्चों को खून से लथपथ पाया। एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पीड़ितों की पहचान के बारे में पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र 40 वर्ष से अधिक है और सभी बच्चे पांच साल से कम उम्र के हैं। दोनों घायल बच्चों का इलाज वेस्टमीड चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि महिला को वेस्टमीड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने की जानकारी देने की अपील
पुलिस को इस घटना की सूचना राहगीरों ने 'ट्रिपल जीरो' पर कॉल करके दी थी। एम्बुलेंस के पहुंचने तक इन्हीं लोगों ने पीड़ितों को प्राथमिक उपचार भी दिया। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और जांच जारी है। NSW पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी, डैशकैम या फोन फुटेज हो, तो वे स्प्रिंगवुड पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
यह घटना न्यू साउथ वेल्स में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई चौथी मौत है, जिससे पुलिस की चिंता बढ़ गई है। पुलिस पहले से ही घरेलू हिंसा से जुड़े हत्या के तीन अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है, जिनमें कुछ ही घंटों के अंतराल में 90, 70 और 23 साल की तीन महिलाओं की मौत हुई थी।
इनपुट: IANS



