इनकम टैक्स रिटर्न: इस साल 7.8 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने भरा ITR, आयकर विभाग ने जारी किए आँकड़े
नई दिल्ली: भारत में आयकर रिटर्न (ITR) भरने वालों की संख्या में लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है। आयकर विभाग के अनुसार, आकलन वर्ष 2026-27 के लिए 31 अगस्त तक रिकॉर्ड 7.8 करोड़ से ज़्यादा रिटर्न दाखिल किए गए…
नई दिल्ली: भारत में आयकर रिटर्न (ITR) भरने वालों की संख्या में लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है। आयकर विभाग के अनुसार, आकलन वर्ष 2026-27 के लिए 31 अगस्त तक रिकॉर्ड 7.8 करोड़ से ज़्यादा रिटर्न दाखिल किए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट में विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दी गई जानकारी का हवाला दिया गया है। यह आँकड़ा देश में बढ़ती कर-अनुपालन की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आखिरी तारीख़ें अलग-अलग श्रेणी के करदाताओं के लिए अलग-अलग होती हैं। 31 जुलाई की समय-सीमा मुख्य रूप से वेतनभोगी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उन लोगों के लिए थी जिनकी आय वेतन, मकान संपत्ति, ब्याज या कैपिटल गेन से होती है।
किसके लिए थी 31 अगस्त की डेडलाइन?
आयकर विभाग ने बताया कि जिन व्यक्तियों या हिंदू अविभाजित परिवारों (HUF) की आय किसी व्यवसाय या पेशे से होती है, लेकिन उनके खातों का टैक्स ऑडिट ज़रूरी नहीं है, उनके लिए रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त थी। इस श्रेणी में फ्रीलांसर, कंसल्टेंट, छोटे कारोबारी और कई अन्य पेशेवर शामिल हैं, जो आमतौर पर ITR-3 या ITR-4 (सुगम) फॉर्म भरते हैं। वहीं, जिन करदाताओं के खातों का टैक्स ऑडिट अनिवार्य है, वे अपना रिटर्न 31 अक्टूबर तक दाखिल कर सकते हैं।
किसे ITR भरना है ज़रूरी?
आम तौर पर, यदि किसी व्यक्ति की कर-योग्य आय मूल छूट सीमा से ज़्यादा है, तो उसे आईटीआर दाखिल करना अनिवार्य होता है। नई टैक्स व्यवस्था में यह सीमा 4 लाख रुपए है, जबकि पुरानी व्यवस्था में 60 वर्ष से कम उम्र के लिए 2.5 लाख, वरिष्ठ नागरिकों (60-79 वर्ष) के लिए 3 लाख और अति-वरिष्ठ नागरिकों (80+ वर्ष) के लिए 5 लाख रुपए है।
हालाँकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में आय कम होने पर भी रिटर्न भरना ज़रूरी हो जाता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी भारतीय नागरिक की विदेश में कोई संपत्ति है, वह किसी विदेशी बैंक खाते में हस्ताक्षरकर्ता है या उसने साल के दौरान कोई बड़ा वित्तीय लेन-देन किया है, तो उसे अनिवार्य रूप से ITR दाखिल करना होगा।
इनपुट: IANS



