अरुणाचल में चीनी घुसपैठ की खबरों पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने क्या कहा?
अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने खारिज कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर…
अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने खारिज कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर ऐसी कोई घुसपैठ नहीं हुई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना सीमा को पूरी तरह से नियंत्रित कर रही है।
सीएम खांडू ने कहा, "हमें नहीं लगता है कि इस प्रकार से (चीन की ओर से) घुसपैठ हुई है। वहां पर हमारी भारतीय सेना तैनात है और हमारी सेना सीमा को नियंत्रित कर रही है।" हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वह अपने स्तर पर इन दावों का फिर से सत्यापन करेंगे।
मामले का सत्यापन करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने आगे की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए कहा, "स्थानीय लोगों को मैंने बुलाया है। उनकी बातों को सुना जाएगा और बाद में भारतीय सेना से भी बात की जाएगी कि असल में क्या हुआ है। इस तरह मैं अपने स्तर पर एक बार फिर इसका सत्यापन करूंगा।"
यह पहली बार नहीं है जब राज्य सरकार ने ऐसे दावों का खंडन किया है। पिछले महीने, अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नटुंग ने भी चीनी घुसपैठ की खबरों को खारिज करते हुए मीडिया से ऐसी खबरें प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, "हमारे सैनिक भारत माता की रक्षा के लिए सीमाओं पर चौबीसों घंटे तैनात हैं। मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि चीन की हिम्मत नहीं है कि वह भारतीय इलाके में एक इंच भी आगे बढ़ सके।"
इसी तरह, जून में भारतीय सेना ने उन खबरों को 'गलत और बेबुनियाद' बताया था, जिनमें दावा किया गया था कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ कर कैंप बनाए हैं।
इनपुट: IANS



