शामली: गायक अंकित बालियान हत्याकांड पर सियासत, पीड़ित परिवार से मिलीं सपा सांसद इकरा हसन
उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन और उनके भाई विधायक नाहिद हसन ने…
उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन और उनके भाई विधायक नाहिद हसन ने पीड़ित परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इस मुलाकात के दौरान सांसद इकरा हसन ने अपने फोन से अंकित बालियान के परिजनों की बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कराई। पूर्व मुख्यमंत्री ने परिवार से बात कर घटना पर गहरा दुख जताया और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अंकित के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर प्रयास करेगी और हर संभव मदद देगी।
सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कलाकारों और आम लोगों की हत्या हो रही है और सरकार चुप बैठी है। सपा प्रमुख ने आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।" उन्होंने जाट समुदाय में आक्रोश होने का भी दावा किया था और लिखा था कि इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के एंगल से भी होनी चाहिए।
क्या है मामला
गौरतलब है कि बुधवार को शामली जिले में हरियाणवी और पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है और न्याय की मांग की जा रही है।
इनपुट: IANS



