होर्मुज स्ट्रेट में ईरान ने एक और अमेरिकी ड्रोन पनडुब्बी पकड़ी, इसे 'शिकारगाह' बताया
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नौसेना की एक और मानवरहित पनडुब्बी (UUV) को अपने कब्जे में लेने का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, IRGC के…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नौसेना की एक और मानवरहित पनडुब्बी (UUV) को अपने कब्जे में लेने का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, IRGC के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहब्बी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अब अमेरिकी पनडुब्बी वाहनों के लिए 'शिकारगाह' बन गया है।
यह दावा रविवार देर रात जारी एक संदेश में किया गया। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सितंबर महीने में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर ईरान द्वारा पकड़ा गया दूसरा अमेरिकी अंडरवॉटर व्हीकल है। इससे पहले भी IRGC ने दावा किया था कि उसकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी सेना के एक एडवांस्ड मानवरहित अंडरवॉटर व्हीकल (UUV) को पकड़ा था, जो कथित तौर पर जासूसी गतिविधियों में लगा हुआ था।
पकड़े गए वाहन की खासियत
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहब्बी ने बताया कि हाल ही में पकड़े गए वाहन का नाम 'एमके 18 मॉड 2 किंगफिश' है। यह एक एडवांस्ड ऑटोनॉमस अंडरवॉटर व्हीकल (AUV) है, जिसकी कीमत कई मिलियन डॉलर बताई जाती है। यह वाहन सोनार और सटीक नेविगेशन सिस्टम जैसी उन्नत तकनीकों से लैस है।
मोहब्बी ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा, “यह सिर्फ किसी वाहन को पकड़ना नहीं है, बल्कि तकनीक और खुफिया जानकारी के लिहाज से हमारे लिए एक अहम उपलब्धि है।” IRNA के अनुसार, लगभग दो हफ्ते पहले भी 'डाइव-एलडी' नाम के एक ऑटोनॉमस अंडरवॉटर व्हीकल को पकड़े जाने का दावा किया गया था, जिसे लंबी दूरी की निगरानी और पानी के नीचे के अभियानों के लिए डिजाइन किया गया है।
इनपुट: IANS



