गुरूवार, 8 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

इजरायल-अमेरिका रक्षा साझेदारी का बड़ा कदम, आयरन डोम के लिए पहला US-निर्मित 'तामीर' इंटरसेप्टर सौंपा गया

इजरायल की हवाई सुरक्षा प्रणाली 'आयरन डोम' को और मजबूत करते हुए अमेरिका ने पूरी तरह से अपने देश में निर्मित पहला 'तामीर' इंटरसेप्टर इजरायल को सौंप दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पहली बार है…

इजरायल-अमेरिका रक्षा साझेदारी का बड़ा कदम, आयरन डोम के लिए पहला US-निर्मित 'तामीर' इंटरसेप्टर सौंपा गया
(फोटो: IANS)

इजरायल की हवाई सुरक्षा प्रणाली 'आयरन डोम' को और मजबूत करते हुए अमेरिका ने पूरी तरह से अपने देश में निर्मित पहला 'तामीर' इंटरसेप्टर इजरायल को सौंप दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पहली बार है जब आयरन डोम में इस्तेमाल होने वाला यह महत्वपूर्ण इंटरसेप्टर इजरायल के बाहर बनाया गया है, जो दोनों देशों के बीच गहरी रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है।

विज्ञापन

यह इंटरसेप्टर इजरायल के रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले इजरायल मिसाइल डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन (आईएमडीओ) को सौंपा गया। इसे अमेरिका के अर्कांसस राज्य के ईस्ट कैमडेन स्थित एक विशेष फैक्ट्री में तैयार किया गया है। यह फैक्ट्री अमेरिकी कंपनी रेथियॉन और इजरायली कंपनी राफेल के संयुक्त उपक्रम 'रेथियॉन-राफेल एरिया प्रोटेक्शन सिस्टम्स' (R2S) द्वारा संचालित है।

साझा रक्षा कार्यक्रम का हिस्सा

इस फैक्ट्री की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ही अमेरिका में आयरन डोम के लिए 'तामीर' इंटरसेप्टर का उत्पादन करना था। इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह कदम अमेरिका-इजरायल के साझा रक्षा कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंत्रालय के अनुसार, यह पहल न केवल दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को बढ़ाएगी, बल्कि अमेरिका में रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ अमेरिकी सुरक्षा और रक्षा औद्योगिक आधार को भी मजबूत करेगी।

आयरन डोम की सफलता

एक समारोह के दौरान इजरायल मिसाइल डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन के डायरेक्टर मोशे पटेल ने आयरन डोम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "इजरायल के कई स्तर वाले मिसाइल डिफेंस सिस्टम और खासतौर पर आयरन डोम ने हाल के वर्षों में बार-बार साबित किया है कि कई तरह के खतरों से लोगों की जान बचाने और नुकसान कम करने में इसकी बेहद अहम भूमिका है।"

राफेल के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और एयर एंड मिसाइल डिफेंस डिवीजन के प्रमुख श्लोमो टोएफ ने आयरन डोम के विकास की शुरुआती चुनौतियों को याद करते हुए कहा, "जब हमने आयरन डोम को विकसित करना शुरू किया था, तब बहुत से लोगों ने कहा था कि ऐसा नहीं किया जा सकता। हमारे इंजीनियरों ने उन्हें गलत साबित किया।" उन्होंने बताया कि 15 साल पहले अपने पहले सफल ऑपरेशन के बाद से आयरन डोम अब तक 10,000 से ज्यादा सफल इंटरसेप्शन कर चुका है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →